Photo by Simon Kuznetsov on Unsplash
(हर मौसम की अपनी खासियत होती है, जैसे हर व्यक्ति की अपनी पहचान होती है। प्रकृति के हर मौसम में एक अलग संदेश होता है।सर्दी का मौसम हमें गर्म जोशी का महत्व सिखाता है। गर्मी का मौसम मेहनत और परिश्रम का प्रतीक होता है। मानसून की बूंदे धैर्य और आशा की प्रेरणा देती हैं।पतझड़ का मौसम हमें नयी शुरुआत के लिए तैयार करता है। बसंत का मौसम जीवन में नवजीवन और उमंग का संचार करता है। ऋतुएं बदलती रहती है, जीवन भी इन्हीं ऋतुओं की तरह बदलता रहता है। मौसम कितने भी बदले, परंतु हमारे सपनों की दिशा न बदले। मौसम चाहे जैसा भी हो दिल का मौसम हमेशा खुशियों भरा होना चाहिए।)
मौसम का खेल निराला है,
हर पल इसमें इक नया उजाला है।
गर्मी की तपन, कभी सर्दी की ठिठुरन,
बारिश की फुहार, कभी वसंत की हलचल।
हर ऋतु का अपना ही रंग है,
प्रकृति का ये अनुपम संग है।
पतझड़ में पत्तों की सरसराहट,
मानो दिल की गहराई से हुई कोई आहट।
गर्मी में धूप का चमकना,
सूरज का आसमान में दमकना।
सर्दी में बर्फ का गिरना,
धरा का रजाई ओढ़कर सो जाना।
बरसात में बादलों का घिरना,
बूंदों का राग सुनकर मन खिलना।
वसंत में फूलों की बहार,
हर तरफ फैली खुशियों की बयार।
नील गगन का दर्पण
स्वर्णिम सूरज का प्रकाश
मौसम का हर रूप
देता मन को नया एहसास
बदलता मौसम, दिल को छू जाता,
हर बार नया सपना दे जाता।
जीवन की तरह ये भी है निरंतर,
मौसम का हर रंग है अद्भुत और सुंदर।
बदल रहें हैं हर पल मौसम के मिज़ाज
बदल रही हूं मैं भी मौसम के साथ साथ
ख्वाबों की सवारी पर चढ़कर
बना रही हूँ अपनी इक पहचान