Part 1: दोस्ती, ज़मीन और ज़िंदगी का बोझ
गाँव के बिल्कुल आख़िरी छोर पर एक मकान था—ऐसा मकान जिसे देखकर लगता था जैसे वक़्त ने उसे छोड़ दिया हो,
और वो अब भी वक़्त का इंतज़ार कर रहा हो। दीवारों पर पपड़ी उतर चुकी थी…छत के कोनों में जाले ऐसे लटक रहे थे जैसे किसी ने सालों से यादें टाँग रखी हों…और आँगन में पड़ा टूटा हुआ घड़ा…जिसमें अब पानी नहीं, सिर्फ़ सन्नाटा जमा था।उसी मकान में रहते थे— राधेलाल।उम्र?कागज़ों में सत्तर के आसपास…पर चेहरे पर जितनी लकीरें थीं, वो गिनो तो उम्र सौ पार लगती थी। वो आदमी अब ज़्यादा जी नहीं रहा था…बस एक केस लड़ रहा था।
राधेलाल की ज़िंदगी में अगर कोई चीज़ बची थी…तो वो थी— उसकी पुस्तैनी ज़मीन।“100 करोड़ की है…”ये बात उसके वकील ने कही थी। तब से राधेलाल के लिए वो ज़मीन ,ज़मीन नहीं रही…ज़िंदगी बन गई।
“लेकिन सच ये था—वो ज़मीन ऐसी थी कि बरसात में कीचड़ का दलदल बन जाती, गर्मियों में दरारों से चटक उठती, और सर्दियों में इतनी बेजान हो जाती कि वहाँ कोई ठहरना भी पसंद न करे।न तो उस पर कभी ढंग से फसल बोई जा सकी…
ना कुछ काटा ही जा सका।”
गाँव वाले अक्सर कहते—“अरे राधेलाल, तेरी ज़मीन तो ऐसी है कि बकरी भी वहाँ बैठने से पहले दो बार सोचती है…”
राधेलाल सुनता…और गुस्से में लाठी पटक देता—“तुम क्या जानो उसकी कीमत! कल को देखना… इसी ज़मीन पर शहर बस जाएगा!”
असल में…वो ज़मीन नहीं बचा रहा था…वो अपनी अहमियत बचा रहा था।
सुबह — गुस्से की शुरुआत उस दिन भी सुबह वैसी ही थी। सूरज धीरे-धीरे निकल रहा था…पर राधेलाल का गुस्सा पहले ही उग चुका था।वो खाट पर बैठे थे…एक हाथ में लाठी…और सामने पड़ा पुराना मोबाइल।
स्क्रीन पर WhatsApp खुला था…लेकिन कोई मैसेज नहीं। उन्होंने गुस्से में मोबाइल पटका—“अरे ससुरे…! जब पैसे चाहिए थे तब ‘पापा-पापा’ करते थे…” अब तो जैसे मैं उनके लिए बेकार हो गया हूँ!”
लाठी ज़मीन पर पटकी—“कोई खैर खबर ही नहीं” उनकी आवाज़ पूरे आँगन में गूँज गई। लेकिन जवाब देने वाला कोई नहीं था।
बेटे — जो सिर्फ़ बैंक बनकर ही रह गए थे राधेलाल के दो बेटे थे। दोनों विदेश में…अच्छी नौकरी…अच्छी ज़िंदगी…और बाप? बस महीने के अंत में एक UPI notification।“₹10,000 credited…”
राधेलाल उस मैसेज को देखते…और धीरे से बुदबुदाते—“पैसे भेज दिए…बस बाप की जिम्मेदारी खत्म?” बाप ज़िंदा भी है या मर गया इससे भी उन्हें कोई फ़र्क नहीं पड़ता।
कभी-कभी वो कॉल करते—“हैलो बेटा…”उधर से बस इतनी हीआवाज़ आती—“हाँ पापा, थोड़ा बिज़ी हूँ… बाद में बात करते हैं…”और वो “बाद में” कभी नहीं आता था।
दरवाज़े पर दस्तक इतने में…“ठक-ठक!” दरवाज़े से आवाज़ आई।राधेलाल ने चिल्लाकर कहा—“कौन है?”उधर से हँसती हुई आवाज़ आई—“अरे राधे! फिर सुबह-सुबह देश की सरकार गिरा रहे हो क्या?”
राधेलाल के चेहरे पर गुस्से के बीच हल्की मुस्कान आई—“आ जा… सीतामणि।”सीतामणी उनके सुख -दुःख के साथी थे
सीतामणि अंदर आए। चप्पल बाहर उतारी…और बिना पूछे सीधे चारपाई पर बैठ गए। जैसे ये घर उनका भी हो।और सच में था भी।“क्या हुआ अब?” उन्होंने पूछा। राधेलाल ने लंबी साँस ली—“कुछ नहीं… वही केस, वही तारीख…और ऊपर से ये अकेलापन…”
सीतामणि हँसे—“अरे बुड्ढ़े अकेले कहाँ हो? कोर्ट है, वकील है, तारीख है…पूरा परिवार है तुम्हारा!”
राधेलाल ने घूरा—बुड्ढ़े होगा तू“बहुत मज़ाक सूझता है तुम्हें…”सीतामणि थोड़ा झुककर बोले—“मज़ाक नहीं करूँगा तो तू रोएगा…और तेरे आँसू मैं देख नहीं सकता…”
दोस्ती — जो बोलती नहीं, निभाई जाती है । दोनों के बीच कुछ पल की चुप्पी छा गई।लेकिन वो चुप्पी भारी नहीं थी…आदत वाली थी।
राधेलाल धीरे से बोले—“तू क्यों आता है रोज़ाना कोई रिश्ता… ना कोई काम…”सीतामणि मुस्कुराए—“रिश्ता ढूँढता है?
अरे राधे…कुछ लोग ‘काम’ के लिए नहीं आते…काम आने के लिए आते हैं।”
राधेलाल ने नज़रें चुरा लीं। फिर धीरे से कहा—“तू है…तभी तो अभी तक पागल नहीं हुआ हूँ…”
सीतामणि ने हँसते हुए कहा—“अरे पागल तो तू पहले से है…मैं तो बस कंट्रोल में रखता हूँ!”
“अगली तारीख कब है?” सीतामणि ने पूछा। “दो हफ्ते बाद …”राधेलाल बोले।“इस बार क्या होगा?”राधेलाल कुछ पल चुप रहे…
फिर बोले—“या तो ज़मीन मिलेगी…या मैं ऊपर चला जाऊँगा…”
सीतामणि तुरंत बोले—“अरे ऊपर जाने की इतनी जल्दी क्यों है?वहाँ भी केस लड़ना पड़ेगा क्या?”
“राधेलाल हँस पड़े… शायद कई दिनों बाद।उस हँसी में एक हल्की-सी राहत थी, जैसे किसी ने दिल का बोझ थोड़ा कम कर दिया हो।उसी दिन दोनों साथ में चौपाल पहुँचे।वहाँ बैठे लोग चाय की चुस्कियों के साथ गपशप में मशगूल थे।जैसे ही उन्होंने राधेलाल और सीतामणि को साथ देखा,एक बुज़ुर्ग मुस्कुराते हुएबोले—‘अरे आ गए… हमारे गाँव के जय-वीरू!’”
एक बुज़ुर्ग ने कहा—“अरे राधेलाल! तेरा केस और हमारे देश की तरक्की…दोनों ही ‘जल्द ही’ होने वाले हैं!”सब हँस पड़े।राधेलाल भी हल्का मुस्कुरा दिए।लेकिन अंदर कहीं…ये बात चुभ गई।
रात को…राधेलाल अकेले बैठे थे।सीतामणि जा चुके थे।आँगन में सन्नाटा था।उन्होंने खुद से कहा—“कहीं सच में…
ये सब बेकार तो नहीं?”कुछ पल बाद उन्होंने खुद को डाँटा—“नहीं!ये आख़िरी उम्मीद है…” क्योंकि वो ज़मीन…
जो कभी उनके बाप-दादाओं की पुस्तैनी पहचान थी,एक पुराने कागज़ी झगड़े और रिश्तेदारों की चालबाज़ी में धीरे-धीरे उनके हाथों से फिसल गई थी।और अब वही ज़मीन…उनकी ज़िंदगी की आख़िरी लड़ाई बन चुकी थी।
अगले दिन…सीतामणि फिर आए।बैठते ही बोले—“राधे, एक बात पूछूँ?”“पूछ…”“अगर ये केस जीत गया…
तो क्या करेगा?”राधेलाल ने बिना सोचे कहा—“सबसे पहले…आधी ज़मीन तेरे नाम कर दूँगा।”सीतामणि चौंके—
“मेरे नाम? क्यों?”राधेलाल बोले—“क्योंकि…तू नहीं होता तो मैं ये लड़ाई लड़ ही नहीं पाता…” उस ज़मीन से हम दोनों की बहुत-सी यादें जुड़ी हैं—वो सिर्फ़ मिट्टी नहीं है…हमारी दोस्ती का आधा हिस्सा वहीं बसा हुआ है।
सीतामणि कुछ पल चुप रहे…फिर धीरे से बोले—“और अगर मैं ना रहा तो?”
राधेलाल झल्ला उठे—“अबे, मेरे रहते तू मरने-वरने की बात करेगा? ज़रूरत पड़ी तो यमराज से भी भिड़ जाऊँगा! तू मेरे जीत का गवाह बनेगा… समझा?” फिर थोड़े रुककर, आवाज़ धीमी हुई—“और सुन… ऐसी मनहूस बातें बंद कर। तू नहीं रहेगा ना…तो ये जीत भी मेरे किसी काम की नहीं रहेगी…
सीतामणि ने हल्की मुस्कान के साथ कहा—“बस ये याद रखना…जीत से ज़्यादा ज़रूरी होता है—किसके साथ जीत रहे हो।”उसके बाद सब …कुछ बदल गया था।हवा वही थी…घर वही था…केस वही था…लेकिन एहसास हो गया —वक़्त रुकता नहीं है। राधेलाल अब तारीख़ों में इतने उलझ गए थे कि उन्हें लगता था—उनकी पूरी ज़िंदगी किसी कोर्ट की फाइल में अटक गई है।दिन पर दिन बीत जाते… और सीतामणि से मिले हुए भी अरसा हो जाता।कभी-कभी जब दोनों मिलते,तो बस दो पल बैठकर पुरानी यादों को ही टटोलते रहते—जैसे वही यादें अब उनकी असली पूँजी हों।”
उन्हें ये नहीं पता था—ज़िंदगी तो धीरे-धीरे उनसे आगे निकल रही है…और वो जिसे अपना सहारा समझ रहे हैं—वक़्त उसे भी छीनने वाला है।
Part 2: दूरी, दौलत और धीरे-धीरे होता फ़ासला
गाँव में खबरें हवा से नहीं चलतीं… हवा तो बस बहाना होती है।असल में खबरें लोगों के मन से निकलती हैं—और मन… कभी खाली नहीं होता। उस सुबह भी चौपाल पर चाय के साथ एक नई खबर उबल रही थी।“सुना तुमने?”एक आदमी ने कुल्हड़ रखते हुए कहा।“क्या?” दूसरे ने आँखें सिकोड़कर पूछा।“अरे, सीतामणि का बेटा उसे विदेश ले जा रहा है!”तीसरे ने तुरंत मसाला डाला—
“लो भई… अब तो सीतामणि भी ‘विदेशी बाबू’ बनने चले हैं…अब राधेलाल की सुनने-समझने वाला कौन बचेगा?”चौपाल पर बैठे लोग ठहाका मारकर हँस पड़े।किसी ने चाय का कुल्हड़ ज़मीन पर पटका,तो कोई हँसते-हँसते खाँसने लगा। हँसी वही थी…लेकिन इस बार उसमें हल्की-सी चुभन भी थी।
जब ये बात राधेलाल तक पहुँची, तो उन्होंने पहले ठहाका लगाया —“अरे वो कहीं नहीं जाएगा… मेरा केस छोड़कर?” लेकिन इस बार उनकी आवाज़ में यकीन कम…और डर ज़्यादा था।
शाम को दरवाज़ा खुला। सीतामणि अंदर आए…पर आज उनकी चाल में वो हल्कापन नहीं था।“क्या हुआ?” राधेलाल ने पूछा।“कुछ नहीं…” “झूठ मत बोल…”कुछ पल की चुप्पी…
फिर सीतामणि ने धीरे से कहा—“राधे… शायद मुझे जाना पड़े।” “कहाँ?” “विदेश…”“क्यों?” “कितने दिनों के लिए जा रहे हो?”
“बेटा ज़िद कर रहा है… कहता है—‘अब यहाँ क्या रखा है?’” राधेलाल हँसे… पर वो हँसी कड़वी थी—
“और यहाँ मैं क्या हूँ? ‘कचरा’?” सीतामणि ने तुरंत कहा—“ऐसा मत बोल…” “तो क्या बोलूँ?”
“इस दुनिया में अब किसी को किसी का दर्द नहीं दिखता…सबको बस अपना-अपना ही नज़र आता है।“
सीतामणि ने धीरे से कहा—“तुम… तुम आदत हो मेरी।”फिर रुककर—“लेकिन बेटा… ज़िम्मेदारी है।”
दोनों चुप हो गए। वो चुप्पी ऐसी थी जैसे दो पुराने पेड़ खड़े हों—जड़ें जुड़ी हुई…पर दिशाएँ अलग।
“कब जा रहे हो?” “अगले हफ्ते…” “इतनी जल्दी?” “हाँ… टिकट आ गया है…”
“राधेलाल की आँखें बंद थीं…और मन में बस एक ही दुआ थी—‘हे ईश्वर, वक्त को यहीं रोक दे…
बस इतना कर दे कि सीतामणि मुझसे जुदा न हो…’”
राधेलाल ने पहली बार महसूस किया—कोर्ट की तारीख़ से भी तेज़ कुछ और होता है—वक़्त का फैसला।
लेकिन सीतामणि के अंदर भी एक लड़ाई चल रही थी। एक तरफ़ बेटा था— जिसकी ज़िद में भविष्य था।
दूसरी तरफ़ राधेलाल थे—जिनके साथ में उनका अतीत और वर्तमान दोनों थे।
उस हफ्ते दोनों रोज़ मिले…लेकिन अब बातें कम हो गई थीं।सीतामणि पहले जैसे हँसते नहीं थे…और राधेलाल पहले जैसे झगड़ते नहीं थे।
दोनों समझ रहे थे—कुछ टूटने वाला है।
जाने से एक दिन पहले सीतामणि पसंदीदा मिठाई लेकर आए। “लो…” “किस बात की?” “बस… ऐसे ही…” राधेलाल समझ गए— उन्होंने मिठाई नहीं ली।“सीधे बोलो…”सीतामणि मुस्कुराए—“जा तो रहा हूँ… पर खत्म थोड़ी हो रहा हूँ…”“वापस आओगे?”
इस बार जवाब देने में समय लगा—“अगर वक़्त ने मौका दिया… तो…”
धीरे-धीरे एक हफ्ते झट से बीत गए। अगले दिन…सीतामणि सच में निकल पड़े। “राधेलाल उन्हें छोड़ने नहीं आए…
क्योंकि वो जानते थे—अगर एक बार सामने आ गए,तो उनके अनकहे एहसास सीतामणि को जाने ही नहीं देंगे…”
बस स्टैंड तक पहुँचे… हाथ में बैग… दिल में भारीपन।बस सामने खड़ी थी।ड्राइवर ने आवाज़ लगाई“चलो-चलो… देर हो रही है!”
सीतामणि ने एक कदम बढ़ाया…फिर रुक गए।उनके दिमाग में आवाज़ गूँजी—“मेरा केस छोड़कर?” उन्होंने पीछे मुड़कर देखा—
गाँव…
वो रास्ता…
वो घर…और राधेलाल।
कुछ पल…बस कुछ पल…और फिर उन्होंने टिकट मोड़ दिया।बस चली गई।सीतामणि वहीं खड़े रहे।
शाम को…दरवाज़ा खुला।
राधेलाल ने सोचा—कोई और होगा।
लेकिन आवाज़ आई—“अरे राधे… जिंदा हो कि केस ने मार दिया?”
राधेलाल ठिठक गए। “तू…?”
सीतामणि हँसे—“बस… बीच रास्ते से लौट आया।” “क्यों?”
राधेलाल बाहर आए। दोनों आमने-सामने खड़े थे।कोई शब्द नहीं। सिर्फ दोनों की आँखों से आँसू बह रहे थे।पूरी रात—दोनों साथ बैठे।कुछ नहीं बोले।
बस एक-दूसरे को देखते रहे—जैसे राधेलाल मन ही मन पूछ रहे हों—“जब जाना नहीं था… तो गए क्यों?” सीतामणि मन ही मन कह रहे थे—“तुझे छोड़कर कैसे जाता…अब तो अंतिम साँस ही यहाँ से जायेगी” लेकिन शब्द दोनों के पास नहीं थे।
सीतामणि ने हल्के से कहा—“कुछ रिश्ते ऐसे होते हैं…जिन्हें छोड़ा नहीं जाता…बस निभाया जाता है।”
लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं हुई।सीतामणि गाँव में थे… राधेलाल के साथ भी।फिर भी…कुछ बदल चुका था।अब उनके बीच एक अनकहा बोझ था— एक अधूरा फैसला।
सीतामणि कभी-कभी चुप हो जाते…राधेलाल उन्हें देखते…पर कुछ पूछते नहीं।क्योंकि दोनों जानते थे—
वो यहाँ हैं…पर पूरी तरह नहीं।
उस रात…राधेलाल अकेले बैठे थे।सीतामणि पास ही थे…लेकिन फिर भी…उन्होंने धीरे से कहा—“कुछ लोग ज़िंदगी से नहीं जाते…बस ज़िंदगी में ‘अधूरे’ हो जाते हैं…”
अब दूरी किलोमीटर में नहीं थी…अब दूरी मन में थी।सीतामणि गए नहीं थे…लेकिन पूरी तरह रुके भी नहीं थे।
Part 3 :औलाद, औक़ात और ‘आस्था’ की एंट्री
एक दिन…पुराना मोबाइल बजा। स्क्रीन पर नाम चमका—“बड़ा बेटा” राधेलाल के चेहरे पर हल्की-सी चमक आई—जैसे किसी सूखे पेड़ को अचानक बारिश छू जाए।
“हैलो बेटा…” “हाँ पापा, कैसे हो?” “ठीक हूँ… तुम बताओ…” “सब ठीक… वो एक ज़रूरी बात थी…” राधेलाल सीधा बैठ गए— “हाँ बोलो…”
“वो जो ज़मीन का केस है ना…अगर जीत जाओ तो उसे बेच देना। यहाँ निवेश करेंगे—बहुत फायदा होगा।”
कुछ सेकंड की चुप्पी…फिर राधेलाल ने धीरे से पूछा—“और मैं?”उधर से हल्की हँसी—“अरे पापा, आप भी आ जाना…वहाँ अकेले क्या करोगे?”
फोन कट गया। और साथ में…एक रिश्ता भी। अब घर पहले से ज़्यादा भयानक लगने लगा था।
दीवारें वही थीं… लेकिन अब उनमें आवाज़ नहीं गूंजती थी।
राधेलाल ने खुद से कहा—“अब मैं किसी के लिए नहीं…बस इस केस के लिए बचा हूँ।”
“ठक-ठक!” दरवाज़े पर आवाज़ आई। राधेलाल ने दरवाज़ा खोला। सामने एक लड़की खड़ी थी—
साधारण कपड़े, कंधे पर बैग,आँखों में तेज़ और बातों में साफ़गोई। “क्या चाहिए?”
राधेलाल ने रूखेपन से पूछा।
लड़की ने सीधे कहा—“कमरा मिलेगा?”
“नाम?” “आस्था।” “कहाँ से?” “लखनऊ से…” “क्या करती हो?” आस्था ने बैग थोड़ा संभालते हुए कहा—“रिसर्च …गाँव के रहन-सहन पर, लोगो पर उनके बोली पर ,उनकी भावनाओं पर ।”
राधेलाल ने भौंहें चढ़ाईं—“रहन-सहन पर?” आस्था बोली—“हाँ…गाँव के लोगों की ज़िंदगी, उनके रिश्ते, उनका रोज़मर्रा…कैसे बदल रहा है सब—वही समझना है।”
राधेलाल हँसे—“तो किताबों में नहीं मिला क्या ये सब?” आस्था ने बिना झिझक जवाब दिया—“किताबों में ‘सच’ नहीं मिलता…वो तो लोगों के बीच रहकर मिलता है।”
“यहाँ नियम से रहना होगा …” राधेलाल ने सख़्ती से कहा। आस्था तुरंत बोली—“और अगर गलत होगी … तो ।”
“अरे रहने आई हो या घर सुधारने?” राधेलाल भड़क उठे।आस्था ने घर के अंदर झाँककर कहा—“रहने के लिए तो सुधारना पड़ेगा…ये घर है या म्यूज़ियम?” “हम 40 साल से ऐसे ही रह रहे हैं!”राधेलाल ने गुस्से में कहा। आस्था तुरंत बोली—“और 40 साल से गलत रह रहे हो।”कुछ पल के लिए… राधेलाल चुप हो गए।
आस्था ने अपना सामान अंदर रखा।राधेलाल बड़बड़ाते हुए अंदर चले गए—“आजकल के बच्चे…ना तमीज़, ना लिहाज़…”
लेकिन थोड़ी देर बाद…वही राधेलाल रसोई के पास खड़े थे उन्होंने पूछा खाना बना लिया। बहुत दिन बाद अच्छा खाना नसीब हुआ। “गैस ध्यान से बंद करना…और… ज्यादा देर मत जागना…”
आस्था हल्का मुस्कुराई—“आपको मेरी चिंता हो रही है?” राधेलाल तुरंत बोले—“अरे नहीं!
मैं तो बस… मकान मालिक हूँ!”फिर धीरे से—“और दरवाज़ा अंदर से बंद कर लेना…”
अब आस्था ने अपनी डायरी निकालनी शुरू की।
वो हर चीज़ नोट करती—
राधेलाल कब उठते हैं?
कैसे बड़बड़ाते हैं?
किस बात पर चिढ़ते हैं?
और कब चुप हो जाते हैं?
एक दिन उसने लिखा—“इस घर में आवाज़ कम है…पर चुप्पी बहुत कुछ बोलती है।”
आस्था ने पूछा—“आप दिन भर करते क्या हो?” पोस्टमैन था मैं। इस गांव में मैं और मेरा दोस्त सीतामणि ही है जिन्हें अंग्रेजी पढ़नी -लिखनी आती है क्योंकि हम दोनों अपना पोस्ट-ग्रेजुएशन इंग्लिश से किया था।आस्था ने उस्तुकता से पूछा –“ये सीतामणि कहाँ रहते है ?” वो पेंशन के काम से शहर गया है कुछ दिन में आ जायेगा। “और बाकी टाइम केस का?” “इंतज़ार…”
आस्था ने लिखा नहीं…सीधा कहा—“इसीलिए हार रहे हो।” “तुम्हें बहुत पता है?”उन्होंने कहा।
आस्था बोली—“हाँ…इतना पता है कि आप लड़ने से ज़्यादा हारने की आदत डाल चुके हो।”
ये बात…सीधे दिल में लगी। राधेलाल कुछ बोल नहीं पाए। वो सिर्फ इतना ही बोले रिसर्च के उद्देश्य से आई हो वो करो और दफा हो ।
एक दिन…आस्था देर से दरवाज़ा खोली। दरवाज़ा खोलते ही—“कहाँ मर गई थी अब तक?”राधेलाल चिल्लाए ।
आस्था बोली— थोड़ी आँख लग गई थी।
राधेलाल चुप हो गए…फिर धीरे से बोले—“आदत है…आवाज़ रहती है तो घर लगता है…”
अब आस्था समझ चुकी थी—वो यहाँ सिर्फ़ रिसर्च करने नहीं आई…वो एक कहानी के बीच आ गई है।
अब कहानी बदल चुकी थी—एक तरफ़ औलाद थी—जो सिर्फ़ हिसाब पूछती थी।दूसरी तरफ़ आस्था थी—
जो नोट्स बनाती थी…पर धीरे-धीरे रिश्ता लिखने लगी थी।
और राधेलाल…अब समझने लगे थे—“कुछ लोग ज़िंदगी में ‘काम’ से आते हैं…और ‘अपना’ बनकर रह जाते हैं…”
Part 4: जब डाँट नहीं, समझ बदलती है ज़िंदगी
अब राधेलाल का गुस्सा वही था…पर उसका मतलब बदल चुका था। केस और उसकी तारीख़े वो और भी चिड़चिड़े हो गए थे ।
सुबह के 7:30 बजे।आँगन में हल्की धूप उतर रही थी। राधेलाल खाट पर बैठे थे…और सामने दरवाज़ा बंद। उन्होंने लाठी से दरवाज़ा खटखटाया—“आस्था!ये 8 बजे का टाइम है उठने का?”अंदर से आवाज़ आई—“अभी 7:30 ही हुए हैं…”
“तो आधा घंटा पहले उठ जा!ज़िंदगी में आगे बढ़ना है कि नहीं?”आस्था उठकर दरवाज़ा खोलती है—“आपको हर बात में डाँटना क्यों ज़रूरी लगता है?”
राधेलाल बोले—“क्योंकि कोई तो है जो तुझे सुधारे!”फिर धीरे से—“और… नाश्ता कर लेना।”
उस दिन आस्था ने अपनी डायरी में लिखा—“ विषय: राधेलाल व्यवहार पैटर्न: डाँट के पीछे छुपी चिंता अनुमान: भावनाएँ सीधे नहीं, उल्टे तरीके से व्यक्त होती हैं।” घर — अब रिसर्च लैब बन चुका था।अब ये घर बाकी रहने की जगह नहीं था…एक जीवित केस स्टडी बन चुका था।
आस्था हर चीज़ बारीकी से देखती करती—राधेलाल का समय पर दवाई भूल जाना ।
हर बात पर चिड़चिड़ाना ।
और फिर चुपके से ख्याल रखना ।
एक दिन उसने सीधा पूछा— “आपको गुस्सा ज़्यादा आता है… या आप ज़्यादा अकेले हो?” “क्या मतलब?” “मतलब ये कि…आप हर बात पर चिल्लाते हो, क्योंकि कोई सुनने वाला नहीं है।” राधेलाल कुछ सेकंड तक चुप रहे।
फिर बोले—“बहुत पढ़-लिख गई है तू…”
एक दिन…आस्था ने देखा—दवाई फिर बिना खाए बाहर चले गए ।
वो गुस्से में बाहर आई—
“आपको अपनी जान की कोई परवाह नहीं है?”
राधेलाल ने धीरे से कहा—“परवाह करने वाला कौन है…?” आस्था चुप हो गई। फिर बहुत धीरे से बोली—“ पहले नहीं था, पर अब हूँ ना…”
उस रात आस्था ने लिखा—
“आज रिसर्च और पर्सनल बाउंड्री ब्लर हो गई। सब्जेक्ट अब ‘केस’ नहीं रहा…एक इंसान बन गया है।” एक दिन…आस्था ने उनकी फाइल उठाई।
“ये केस 20 साल से चल रहा है?”“हाँ…”
“और आपने इसे ऐसे ही छोड़ दिया?” “अरे तुम समझती क्या हो?
कोर्ट कोई खेल है?”
आस्था ने सीधे कहा—“और हार मान लेना कौन-सा महान काम है?”
“आप केस नहीं हार रहे…आप खुद से हार चुके हो।”
ये सुनकर…राधेलाल के अंदर कुछ हिला।
इतने सालों में किसी ने उनसे ये नहीं कहा था।अगले दिन…राधेलाल खुद कोर्ट गए।
चौपाल पर हँसी—“लगता है घर में नया ‘मैनेजर’ आ गया है!”
राधेलाल को फर्क पड़ना बंद हो गया था।
शाम को लौटे।आस्था दरवाज़े पर—“क्या हुआ?”
“कुछ नहीं…बस कोर्ट ने अपना काम किया… फिर नई तारीख”
आस्था के दु:खी मन से कहा –“बहुत बुरा हुआ” “ज़्यादा मत बोल!”
लेकिन…इस बार उनकी आवाज़ में गुस्सा नहीं था।
अब हर सुनवाई में राधेलाल खुद जाते।
वकील से सवाल करते—
“ये कैसे होगा?”“अगली रणनीति क्या है?”और घर आकर
आस्था को बताते—“आज ये हुआ…”
वो भी विश्लेषण करती—“आपको ये बिंदु उठाना चाहिए था…”“ये सबूत मजबूत है…”एक लड़ रहा था…दूसरी समझा रही थी।
एक दिन…आस्था बोली—“अब आप जीत सकते हो।”
“अरे नज़र मत लगा!”फिर धीरे से—“लेकिन…शायद जीत जाऊँ…”
अब राधेलाल केस जीतने के लिए नहीं…खुद को साबित करने के लिए लड़ रहे थे।
और आस्था…अब शोधकर्ता नहीं रही—वो उस कहानी का हिस्सा बन चुकी थी जिसे वो समझता आई थी।
Part 5 : क्लाइमेक्स — जब जीत और खोना एक ही दिन होता है
फैसले से एक दिन पहले…घर में एक अजीब-सी शांति थी। ना कोई खास बात…ना कोई खास हलचल…
लेकिन हवा में कुछ था—जैसे वक़्त खुद ठहरकर देख रहा हो कि कल क्या होने वाला है।उस शाम आस्था ने लिखा—“कल फैसला है।लेकिन अजीब बात ये है कि डर हार का नहीं…कुछ खोने का लग रहा है।”
“ठक-ठक!”दरवाज़ा खुला। सीतामणि अंदर आए। काफी समय बाद।
“अरे! तू आ गया?”
उनकी आवाज़ में वो खुशी थी…जो लंबे इंतज़ार के बाद मिलती है।
आस्था हैरत से चुपचाप देख रही थी—
दो बूढ़े आदमी…जिनकी दोस्ती में सिर्फदोस्ती थीं न औपचारिकताएं थीं …न शब्दों की ज़रूरत। राधेलाल- सीतामणि का परिचय कराते हुए बोले- “ये मेरे सुख- दुःख साथी है”
लेकिन आज…कुछ अलग था। सीतामणि की चाल धीमी थी…साँस थोड़ी भारी…
आस्था ने पूछा-“आप ठीक तो हैं?” अंकल
सीतामणि ने आस्था को गौर से देखते हुए कहा—“तुम आस्था हो ना? इस राधे ने तुम्हारे बारे में बहुत कुछ बताया है…”फिर बात बदलते हुए, जैसे कुछ छुपाना चाहते हों—“अरे कुछ नहीं… बस थोड़ा थक गया हूँ…”
आस्था ने पहली बार महसूस किया—कुछ लोग अपनी तकलीफ़ भी हँसकर टाल देते हैं।
“ये ‘कुछ नहीं’ सबसे बड़ा समस्या होती है।
कल डॉक्टर के पास चलेंगे।”
सीतामणि हँसे—“ बेटी, क्या तुम रिसर्चर हो या डॉक्टर?”
उस शाम…तीनों साथ बैठे।चाय…हल्की बातें…बीच-बीच में हँसी…
“कल… फैसला है।”
“हाँ… और तू जीत जाएगा।”
“और नहीं जीता तो?” राधेलाल ने पूछा।
“तो मैं कल भी आऊँगा…फिर से लड़ने के लिए।” “और जीत गया तो?”सीतामणि मुस्कुराए—“तो…
सबसे पहले मुझे बताना।”
उसने चुपचाप लिखा—"कुछ लोग सफलता नहीं माँगते... वे बस उसका हिस्सा बनना चाहते हैं।"
सीतामणि उठे। दरवाज़े तक गए। एक पल रुके…पीछे मुड़े—
“राधे… देर मत करना कल।”
“तू भी आ जाना!” राधेलाल बोले।
“ज़रूर…” फिर जाते-जाते आस्था से इतना ही बोले—“बेटी, मेरे दोस्त का… और अपना भी ख़याल रखना।
बेचारा अकेला रहता है, इसलिए थोड़ा चिड़चिड़ा हो गया है केस के चक्कर में…पर दिल का बहुत अच्छा है।
बिल्कुल नारियल जैसा—ऊपर से सख़्त…अंदर से बिल्कुल नरम।”
रात…सीतामणि अपने घर पहुँचे।
हल्का-सा सीने में दर्द हुआ।
उन्होंने सोचा—“गैस होगी…”
हम अक्सर…सबसे बड़े दर्द को
सबसे छोटी वजह समझ लेते हैं।
रात के किसी पहर…सीतामणि…चुपचाप अपने घर से चले गए।
ना आवाज़…ना शिकायत…ना अलविदा…इधर…राधेलाल तैयार हो रहे थे।
सफ़ेद कुर्ता…साफ़ चेहरा…आँखों में उम्मीद।
“आज नहीं…आज आपकी मेहनत का फल है।”- आस्था ने कहा।
जाते हुए दही -चीनी राधेलाल को दिया।
कोर्ट में सन्नाटा।जज ने फाइल खोली।
“निर्णय वादी राधेलाल के पक्ष में दिया जाता है…”
राधेलाल के होंठ काँपे—“मैं… जीत गया…”
उन्होंने तुरंत फोन निकाला—“सीतामणि को बताना है…”
एक आदमी दौड़ता हुआ आया कोर्ट के बाहर—“राधेलाल!”
“सीतामणि… नहीं रहे…”
बस…एक पल में…सब कुछ रुक गया।राधेलाल के कदम लड़खड़ाए जैसे तैसे उस आदमी ने उन्हें संभाला
सीतामणि के अंतिम वाक्य -“सबसे पहले मुझे बताना…”
“मैं… बता भी नहीं पाया…”
आस्था ने पहली बार देखा—एक आदमी जीतकर भी हार सकता है।
लोग बधाई दे रहे थे…लेकिन राधेलाल के अंदर…पूरी दुनिया खामोश थी।
घर लौटे।आँगन वही…पर आज…और भी खाली।
आस्था — धीरे से “क्या हुआ?”
“मैं जीत गया…”
“पर… जिसे बताना था…”
“वो चला गया…”
उस रात आस्था ने लिखा—
“आज समझ आया—जीत का मतलब रिजल्ट नहीं होता…जिसके साथ बाँटो, वही जीत होती है।”
उस दिन…एक केस खत्म हुआ।एक दोस्ती अमर हुई।
“ज़िंदगी की सबसे बड़ी जीत भी उस दिन अधूरी रह जाती है—जब उसे देखने वाला अपना ही न रहे।”
Part 6 :वापसी, पछतावा और एक अधूरी जीत की विरासत
फैसले को दस दिन हो चुके थे।गाँव में अब भी चर्चा थी—
“राधेलाल जीत गया…”“पूरी ज़मीन उसकी हो गई…” “अब तो ज़िंदगी बदल जाएगी…”
लेकिन सच?राधेलाल की ज़िंदगी में कुछ नहीं बदला था।सिवाय इसके कि—अब उनके पास सब कुछ था…और फिर भी कुछ भी नहीं था।
आस्था थी…उसकी आवाज़ थी…उसकी डायरी के पन्ने थे…
लेकिन घर का एक कोना—हमेशा खाली रहता था।
वही कोना…जहाँ सीतामणि बैठकर हर शाम हँसते थे।
उस रात आस्था ने लिखा—
“रिसर्च लगभग पूरी हो चुकी है। गांव का जीवन, व्यवहार के तरीके, भावनात्मक अंतर… सब समझ में आ गया। लेकिन एक चीज़ किताबों में नहीं मिलेगी— ‘खोने के बाद की खामोशी।’”
अब वो कम बोलते थे।कम डाँटते थे।और ज़्यादा…चुप रहते थे।
“आप वहाँ क्यों नहीं जाते?”आस्था ने पूछा।
“कहाँ?”
“ज़मीन पर…”
“अब वहाँ क्या देखूँ…?”
“जिसके साथ देखनी थी…
वो तो रहा नहीं…”
अब वो बस निरीक्षण नहीं करती थी…वो महसूस करती थी।
“तो आप यूँ ही बैठे रहोगे?”उसने थोड़ा सख़्ती से पूछा।
राधेलाल — फूट पड़ा दर्द “तू समझती क्या है?”
“सब कुछ खोकर जीतना क्या होता है—पता है?”
आस्था — सीधा जवाब
“हाँ…” “और ये भी पता है किवो आपको ऐसा नहीं देखना चाहता था।”
एक लाइन — जिसने सब बदल दिया
“आप हार गए हो…
क्योंकि आपने उसकी जगह खाली छोड़ दी है।”
खामोशी — जो टूट गई ।राधेलाल की आँखें भर आईं। पहली बार…उन्होंने रोने दिया खुद को।
अगला दिन — नया कदम सुबह…उन्होंने खुद कहा—“चल… आज चलते हैं।”
दोनों ज़मीन पर पहुँचे।खुला आसमान…हल्की हवा…
यादें — हर तरफ़ हर कोने में सीतामणि की आवाज़ गूँज रही थी— “देखना राधे…
एक दिन ये सब तेरा होगा…”
राधेलाल — बैठ गए मिट्टी उठाई… हाथ काँप रहे थे… “देख…तेरा राधे जीत गया…”
सन्नाटा — जवाब बन गया कोई जवाब नहीं आया।
आस्था-ने कुछ नहीं कहा। बस उन्हें रोने दिया।
कुछ दिनों बाद…घर के बाहर एक कार रुकी।दो लोग उतरे—राधेलाल के बेटे।
“पापा…” दोनों अंदर आए। राधेलाल ने देखा…पर कुछ महसूस नहीं किया।
“ज़मीन का क्या सोचा?” बड़े बेटे ने पूछा।
राधेलाल — शांत जवाब “क्या सोचना है?”
“बेच देते हैं…”
“वहाँ निवेश करें …”
“आप हमारे साथ चलो…”
राधेलाल मुस्कुराए—
बहुत हल्का…
बहुत गहरा…
“जब मैं अकेला था…”
“तब नहीं बुलाया…” “अब मैं अकेला नहीं हूँ।”
आस्था की तरफ इशारा -“अब मेरा घर है…”
बेटे — पहली बार चुप दोनों भाई चुप हो गए।
छोटा बेटा बोला—“पापा… हमसे गलती हो गई…”
राधेलाल-
“गलती नहीं…”
“बस… देर हो गई…”
“ज़िंदगी में कुछ लोग इंतज़ार नहीं करते…”
कुछ दिन बाद…
राधेलाल ने फैसला लिया।
उन्होंने ज़मीन का एक हिस्सा
गाँव के नाम कर दिया।
सब हैरान “पागल हो गए क्या?”
राधेलाल ने कहा-“नहीं…” “ज़मीन अपनी जगह है…लेकिन उस पर बसने वाले लोग—वही असली दौलत होते हैं।”
आस्था — आख़िरी डायरी में उसने लिखा—“रिसर्च पूरी हुई। निष्कर्ष: इंसानी रिश्ते ही ज़िंदगी का असली आधार होते हैं।”
शाम…
राधेलाल उसी ज़मीन पर बैठे थे।
आस्था पास में थी।
आसमान की तरफ देखकर…
उन्होंने धीरे से कहा—“देख…
इस बार मैं अकेला नहीं हूँ…” “कुछ लोग ज़िंदगी से चले जाते हैं…लेकिन वो हमें ऐसा बना जाते हैं—कि हम फिर कभी पहले जैसे नहीं रहते।”