Photo by Ludovic Toinel on Unsplash
मोबाइल स्क्रीन में व्यस्त अपने बच्चों की आँखों को कभी देखा है आपने? एकदम तन्मय, संलग्न, हिप्नोटायज़्ड !
स्क्रीन से आँखें ही नहीं, उँगलियाँ भी चिपकी रहती हैं. कभी गेम खेलने के लिए तो कभी वीडियो स्क्रोल करने के लिए।
यह ब्लू स्क्रीन जादुई कुआँ है,जिसमें गिरते हुए आपको इसकी गहराई का पता भी नहीं चलता. अभी हफ़्ते भर पहले, 25 मार्च 2026 को अमेरिका की एक अदालत ने इसे “डिजाइन किया गया खतरा” बताते हुए गूगल और मेटा को 6 मिलियन डॉलर जुर्माना देने का आदेश पारित कर दिया।
जूरी ने फैसला सुनाते हुए कहा - ये प्लेटफॉर्म्स “दोषपूर्ण उत्पाद” हैं, जैसे कोई सिगरेट कंपनी जान-बूझकर बच्चों को टार्गेट कस्टमर बनाती है। यह दर्द सिर्फ अमेरिका का नहीं है। भारत में भी यह संकट ख़ामोशी से घर-घर पसर चुका है।
आर्थिक सर्वेक्षण 2025–26 ने स्पष्ट चेतावनी दी है। पिछले दशक में देश में इंटरनेट कनेक्शन लगभग चार गुना बढ़कर 96.96 करोड़ हुए हैं लेकिन इसी अवधि में औसत मासिक डेटा खपत 62 मेगाबाइट से बढ़कर 24 गीगाबाइट हो गई है।
यानी लगभग 399 गुना वृद्धि. जी हाँ, 399 गुना !
अब देश की डिजिटल अर्थव्यवस्था कुल जीडीपी का 11.74% हिस्सा है। लेकिन सर्वेक्षण का सबसे महत्वपूर्ण निष्कर्ष यह है कि इंटरनेट के मामले में समस्या अब पहुँच (Access) की नहीं; बल्कि “उपयोग के तरीके” (Behavior) की है।
ज़ाहिर सी बात है, असली चिंता इस बात की नहीं है कि बड़ी आबादी तक इंटरनेट ऐक्सेस है कि नहीं; चिंता यह है कि बड़ी आबादी इंटरनेट का उपयोग किस तरह कर रही है !
इसका जवाब हमारे-आपके सबके पास है।
15–29 वर्ष के युवाओं में मोबाइल और इंटरनेट का उपयोग लगभग सर्वव्यापी (शत-प्रतिशत) हो चुका है। इसके साथ ही “डिजिटल एडिक्शन” तेजी से बढ़ रहा है, जो चिंता, अवसाद, आत्मसम्मान और उत्पादकता में गिरावट जैसी गंभीर समस्याओं को जन्म दे रहा है।
बच्चों के स्क्रीन टाइम के आंकड़े और भी चिंताजनक हैं। चर्चित मेडिकल जर्नल Cureus में प्रकाशित एक मेटा-एनालिसिस के अनुसार, भारत में पाँच साल से कम उम्र के बच्चों का औसत दैनिक स्क्रीन टाइम 2.22 घंटे है, जो भारतीय बाल चिकित्सा अकादमी (IAP) की सिफारिश (2–5 वर्ष के लिए 1 घंटे से कम) से दोगुना से भी अधिक है। इससे भी गंभीर तथ्य है कि दो साल से कम उम्र के बच्चे औसतन 1.23 घंटे स्क्रीन पर बिताते हैं, जबकि इस आयु वर्ग के लिए “शून्य स्क्रीन टाइम” की स्पष्ट सलाह दी जाती है।
यह हमारी अदूरदर्शी सोच का आईना है. केरल में किए गए एक अध्ययन (इंडियन एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स) में 18 महीने के बच्चों पर चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई- करीब 89% बच्चे नियमित रूप से स्क्रीन के सामने हैं। 70% माता-पिता बच्चों को चुप कराने या खाना खिलाने के लिए मोबाइल थमा देते हैं. पढ़ी-लिखी माँएँ भी इससे अछूती नहीं हैं। लगभग 80% यही तरीका अपना रहे हैं।
स्क्रीन अब बच्चों की परवरिश में “डिजिटल खिलौना” बन चुकी है. बच्चा रोए तो फोन, खाना न खाए तो कार्टून ! कितना आसान लगता है, लेकिन इसकी बहुत बड़ी कीमत आप और आपके बच्चे भविष्य में चुकाने वाले हैं। और क्या-क्या क़ीमत चुकाने वाले हैं, यह लेख इसी का आकलन है।
कोविड ने स्क्रीन टाइम को बड़े स्तर पर स्वीकृति दिलवा दी. ऑनलाइन पढ़ाई “न्यू नॉर्मल ” है. बच्चों का स्क्रीन टाइम तीन से चार गुना बढ़ गया। गाइडलाइन्स बनीं, चेतावनियाँ भी आईं, पर आदतें कहाँ बदलती हैं!
ASER 2024 का सर्वे कहता है कि 14 से16 साल के 82% ग्रामीण किशोर स्मार्टफोन चला रहे हैं, जिसमें 76% सोशल मीडिया पर सक्रिय भी हैं।
हालात साफ़ हैं—स्क्रीन अब सीखने का साधन कम, ध्यान भटकाने का सबसे आसान रास्ता बन गई है। नतीजा? नाज़ुक दिमाग, भावनात्मक रूप से कमजोर, आक्रामक और आत्मविश्वास और आत्म-अनुशासन हीन पीढ़ी अब जवान होने वाली है जो लगातार मिलने वाले डोपामाइन के जाल में बुरी तरह उलझी हुई है।
क्या आपके घर में “इंटरनेट अनुशासन” है?
माँ-बाप खुद स्क्रीन में उलझे रहते हैं और बच्चे वही सीखते हैं। “बस थोड़ी देर…” इस सोच के साथ आप कितना वक़्त स्क्रीन में उलझे गुज़ार रहे हैं, एक बार हिसाब लगाकर ज़रूर देखिए।
भारत का डिजिटल युग बच्चों, युवा पीढ़ी और वयस्कों को एक साथ समान रूप से नुक़सान पहुँचा रहा है।
यह सिर्फ सुविधा नहीं, एक धीमी महामारी है। मीठा ज़हर - जो आने वाले वर्षों में अपना ख़तरनाक असर दिखाएगा।
दूसरी ओर, बाल मन ठीक नाजुक पौधा है। और आज का स्क्रीन टाइम- खासकर यूट्यूब, इंस्टाग्राम, शॉर्ट वीडियो- सब उस पौधों की जड़ों में जाने वाला एक “मीठा शरबत” है जो डोपामाइन की तरंगें तो देता है लेकिन जड़ों में चींटी लगने का इंतज़ाम भी करता है।
स्क्रीन टाइम क्या है?
यह वही स्क्रीन टाइम है जो पढ़ाई का नहीं, आदत का हिस्सा बन जाता है। YouTube का कभी न रुकने वाला Autoplay, Instagram रील्स का अंतहीन स्क्रोल, शॉर्ट वीडियो की लत, गेमिंग और सोशल मीडिया की अंतहीन दुनिया। ये सब मस्तिष्क के न्यूक्लियस अकम्बेन्स (Nucleus Accumbens / Reward Center) को उत्तेजित करते हैं, ठीक वैसे जैसे जुआ या निकोटीन। ये प्लेटफॉर्म यूँ ही आकर्षक नहीं लगते; इन्हें इस तरह बनाया गया है कि आप बार-बार लौटें, फिर स्क्रीन पर रुकें नहीं। धीरे-धीरे यह “बस थोड़ी देर और…” आपकी रोज़मर्रा की ज़िंदगी पर हावी होता चला जाता है। यह अडिक्शन है।
डरावने आँकड़ों से अलग इसे मनोवैज्ञानिक दृष्टि से भी इसके प्रभाव को समझने की आवश्यकता है।
बच्चे का दिमाग अभी बन ही रहा होता है- खासकर Prefrontal Cortex, जो हमारे अटेन्शन, फैसले लेने और योजना बनाने में मददगार होता है. यह हिस्सा 25 साल की उम्र तक धीरे-धीरे परिपक्व होता है. लेकिन स्क्रीन टाइम इस प्रक्रिया को बाधित करता है।
Adolescent Brain Cognitive Development (ABCD) Study, अमेरिका में लंबे समय तक किया गया एक अध्ययन बताता है कि ज्यादा स्क्रीन टाइम वाले बच्चों में एकाग्रता अवधि (Attention Span) कम होता है, अल्प अवधि की कार्यशील स्मृति (Working Memory) कमजोर होती जाती है और मल्टीटास्किंग की आदत कार्यकारी नियंत्रण (Executive Function) को कमज़ोर कर देती है. जो हमें योजना बनाने, सही निर्णय लेने, ध्यान नियंत्रित करने और अपने व्यवहार को संभालने में मदद करती है। गहराई से सोचने की दिमाग की ताकत कम हो जाती है।
स्क्रीन टाइम दिमाग में एक “डोपामाइन लूप” बनाता है। हर लाइक, हर कमेंट, हर नया वीडियो, दिमाग़ के लिए एक छोटा-सा इनाम जैसा है। जैसे कुत्ते का ट्रेनर उसे काम के बदले रिवार्ड में कुछ ट्रीट देता है। यहाँ दिमाग़ को लगातार ट्रीट मिलता जाता है।
समस्या यह है कि वास्तविक दुनिया में इतनी ज़ल्दी और बार-बार ईनाम नहीं मिलते हैं। वहाँ इंतज़ार है, मेहनत है, ठहराव है। और जब दिमाग़ इस तेज़, त्वरित खुशी का आदी हो जाता है, तो वास्तविक दुनिया उसे फीकी लगने लगती है। नतीजा-चिड़चिड़ापन, बेचैनी, उदासी।
(अपने आसपास के बच्चों को देखिए, स्क्रीन में उलझे बच्चों में यह प्रवृति आपको नज़र आएगी)
युवाओं पर भी इसका असर नकारात्मक है। एक अध्ययन में पाया गया कि 3 घंटे से ज़्यादा सोशल मीडिया वाले किशोरों में poor mental health का जोखिम दोगुना हो जाता है।
APA के meta-analysis के गहन अध्ययन का निष्कर्ष है—जितना ज़्यादा स्क्रीन टाइम, उतनी ही ज़्यादा भावनात्मक उलझनें। इंसान में भीतर की चिंताएँ पैदा होने लगती हैं, बाहर का व्यवहार भी बदलने लगता है। कभी गुस्सा, कभी बेचैनी, खीज़, अकेलापन, आत्म असंतुष्टि या आत्महत्या के विचार….हालात जटिल से जटिलतर बनते जाते हैं।
और यह एक चक्र बन जाता है। मन जितना बेचैन होता है, उतना ही स्क्रीन की ओर भागता है। और जितनी स्क्रीन में डूबता है, बेचैनी उतनी ही बढ़ती जाती है।
सोशल मीडिया पर curated जीवन देखकर बच्चे खुद की तुलना करते हैं- “मैं पीछे तो नहीं छूट रहा?” यही FOMO, शरीर को लेकर असहजता और धीरे-धीरे कम होते आत्मसम्मान के लिए ज़िम्मेदार है. Cyber-bullying empathy को कम करता है।
ABCD डेटा से पता चलता है कि ज्यादा स्क्रीन टाइम वाले बच्चों में Peer Relationships ( सहपाठी / सह उम्र के साथ सहज मित्रता संबंध ) कमज़ोर होते हैं. स्क्रीन टाइम मस्तिष्क की आंतरिक संरचना (Cortical Thickness और Volume) को प्रभावित कर रहा है—खासकर Prefrontal Cortex, Temporal और Parietal lobes को. ऐसे समझें की इंसान की सोचने - समझने,सुनने - समझने, स्पर्श को महसूस करने की क्षमता भी कमजोर हो जाती है।
30 देशों का सर्वे—Ipsos Education Monitor (2025) —में ज़्यादातर लोगों ने माना कि 14 साल से कम उम्र के बच्चों को सोशल मीडिया से दूर रहना चाहिए।
सवाल अब सिर्फ बच्चों का नहीं, हमारे फैसलों का है—हम अपने बच्चों को कैसी दुनिया दे रहे हैं? यूरोप में जन सामान्य के बीच यह चिंता गहरी होती जा रही है। WHO HBSC अध्ययन के अनुसार सोशल मीडिया का दुरुपयोग ख़तरनाक स्तर तक पहुँच गया है. कई देश अब 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सख्त नियम, यहाँ तक कि बैन पर विचार कर रहे हैं।
यानी यह पूरी दुनिया की चिंता बन चुकी है।
भारत में भी Indian Journal of Psychiatry और Post-COVID के अध्ययनों में स्क्रीन टाइम बढ़ने के साथ-साथ मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं में वृद्धि दर्ज की गई है।
शारीरिक स्वास्थ्य, मन की कार्य-क्षमता और भावनाओं पर पड़ने वाले स्क्रीन टाइम के नकारात्मक प्रभावों पर पूरी दुनिया में बहस शुरू हो गयी है।
बैठाकर मोबाइल का उपयोग करने व्यक्ति की शारीरिक मुद्रा विकृत होने की संभावना बढ़ जाती है। गर्दन और कंधे में खिंचाव स्थायी समस्या बन सकती है। और यदि रात में सोने से पहले मोबाइल में मनोरंजन ढूँढ रहे हैं तो वही ब्लू लाइट आपके भीतर मेलाटोनिन हार्मोन को दबा देती है- वह हार्मोन जो रात में नींद लाता है।
फिर वही चक्र आपको दबोच सकता है. थोड़ी देर और … नींद नहीं आ रही तो मोबाइल देख लेते हैं; और नींद इसलिए नहीं आ रही कि आप बार-बार मोबाइल देख रहे हैं।
नींद की कमी से उत्पन्न होने वाले लक्षणों और बिमारियों के बारे में थोड़ा रीसर्च करें। इंटरनेट पर बहुत जानकारी है। आप चौंक जाएँगे। 21वीं सदी में बेतहाशा बढ़ती बिमारियों के पीछे नींद की कमी और मोबाइल की महत्वपूर्ण भूमिका नज़र आएगी।
संक्षिप्त में ऐसे समझ लें कि नींद में कटौती होते ही आपके भीतर कर्टिसोल (Cortisol: Stress Hormone) का स्तर बढ़ जाता है, भावनाओं पर नियंत्रण में कमजोर हो जाता है, ध्यान केंद्रित करने की क्षमता गिरती है और अगले दिन चिड़चिड़ापन बढ़ जाता है और इसके साथ अमिग्डाला (Amygdala) पर तत्काल असर होता है, जिसकी बदौलत हमारा मन भय, चिंता, ज़ोखिम विश्लेषण की क्षमता या भावनात्मक स्मृतियों को नियंत्रित कर पाता है।
मतलब - हमारी नींद असंतुलित होते ही बिमारियों का एक लंबा सिलसिला शुरू हो जाता है। आँखें कमजोर होना, सिर भारी लगना - ये सब तो ऊपर - ऊपर दिखने वाले लक्षण हैं। आपको पता होना चाहिए कि ब्लड प्रेशर और शुगर जैसी बिमारियों की जड़ में कर्टिसोल की बड़ी भूमिका होती है।
WHO के अनुसार बच्चों में मोटापे का प्रमुख कारण स्क्रीन टाइम है। यह मोटापा आत्मसम्मान गिराता है और Bullying बच्चे की ज़िंदगी का हिस्सा बन जाता है। एशिया में बच्चों में मायोपिया महामारी बन गई है। ज्यादा स्क्रीन टाइम आँखों की मांसपेशियों को कमजोर करता है और आँखें हमेशा -हमेशा के लिए कमजोर हो जाती हैं।
ये सब शारीरिक समस्याएँ मन को और कमजोर करती हैं। थका शरीर, थका दिमाग पैदा करता है।
आज का बच्चा “मल्टीटास्किंग” में माहिर दिखता है। पर सच यह है कि वह एक काम पर ध्यान केंद्रित करने की क्षमता भी भूलता जा रहा है।
रीसर्च के अनुसार 2000 के दशक में औसत एकाग्रता अवधि 12 सेकंड थी। आज यह 8 सेकंड से भी कम हो गई है (Microsoft Attention Span Report: Updated Studies)। यूट्यूब और शॉर्ट्स हमें हर 30 सेकंड में नई उत्तेजना देते हैं। और हमारी किसी विषय विशेष पर टिककर सोचने की क्षमता बिखर जाती है।
ABCD Study और कई longitudinal अध्ययनों में पाया गया कि ज्यादा मनोरंजन के लिए स्क्रीन का उपयोग करने वाले बच्चों की पढ़ने,सुनने,सीखने और समझने की क्षमता कम हो रही है। कारण- Working Memory Overload और दिमाग़ के सीखने वाले महत्वपूर्ण हिस्से में Gray Matter Density कमजोर हो जाता है। दिमाग का वह हिस्सा जो सोचने, याद रखने, और निर्णय लेने में मदद करता है, उसका घनत्व कमजोर पड़ जाता है।
बच्चों के संदर्भ में इसका मतलब है कि
नई चीज़ें सीखने में ज़्यादा समय लग सकता है
याद रखने की क्षमता कमजोर पड़ सकती है
ध्यान जल्दी भटक सकता है
जटिल चीज़ों को समझना कठिन हो सकता है
स्क्रीन अडिक्शन से जूझते इंसान का दिमाग भी आज कुछ ऐसा ही झेल रहा है.
भावनाओं पर गहरा प्रभाव
स्क्रीन टाइम आपकी भावनाओं को “हाई-जैक” कर लेता है। “मैं वैसा क्यों नहीं?”- इस विचार के साथ आत्मसम्मान गिरने लगता है, और अपने ही शरीर व पहचान को लेकर असहजता बढ़ने लगती है। कुछ बच्चे चिड़चिड़े और आक्रामक हो जाते हैं, तो कुछ चुप… अपने ही खोल में सिमट जाते हैं। बातचीत इमोजी और फ़िल्टर तक सिमट जाए, तो असली चेहरों के भाव पढ़ने की आदत कम हो जाती है। धीरे-धीरे दूसरों की भावनाएँ समझने और स्वीकार करने और आवश्यकता अनुसार व्यवहार की क्षमता भी कमजोर पड़ने लगती है।
यहाँ “दूसरों” से मतलब परिवार के ही अन्य दूसरे सदस्य भी हो सकते हैं. वास्तविक मित्रता या संबंधों के प्रति उदासीनता बढ़ती है। यहाँ तक कि संबंधों के निर्वहन के लिए आवश्यक तत्वों का एहसास भी ख़त्म हो सकता है।
विशेषज्ञ की मानें तो 2030 तक तस्वीर और गंभीर हो सकती है- किशोरवय मानसिक स्वास्थ्य के मामले में “महामारी” की स्थिति बन सकती है। लक्षण साफ़ दिखने लगे हैं-ध्यान भटकना, सीखने में कठिनाई, भावनाओं को संभाल पाने में दिक्कत, और सबसे चिंताजनक- भीतर बढ़ती निराशा। और अगर अभी नहीं संभले, तो यह सिर्फ बच्चों का नहीं, पूरे समाज का भविष्य भी प्रभावित करेगा।
फरवरी 2026 में स्वीडन ने एक चौंकाने वाला, लेकिन सोचने पर मजबूर करने वाला फैसला लिया। एक दशक तक “डिजिटल-फर्स्ट” शिक्षा को अपनाने के बाद अब वह पीछे मुड़ रहा है. क्यों?
क्योंकि बच्चों की पढ़ने की क्षमता गिर रही थी। ध्यान भटक रहा था. हाथ से लिखने की आदत कमजोर पड़ गई थी। अब दिशा बदल रही है—किताबें फिर से हाथ में दी जा रही हैं, कागज़ पर लिखना लौटाया जा रहा है. इसके लिए सरकार ने €100 मिलियन का निवेश किया है।
स्वीडन का यह फैसला दुनिया के लिए मिसाल है. स्वीडन उन देशों में शामिल है जिन्होंने सबसे पहले शिक्षा में डिजिटल स्रोतों को शामिल किया था। और अब फिर दुनिया का पहला देश बन गया जहाँ डिजिटल इंस्ट्रूमेंट्स को हटाया जा रहा है।
सोचिए, भारत जैसे देश को कितना सतर्क होना चाहिए, जहाँ स्क्रीन / ऑनलाइन एजुकेशन “शिक्षा का पर्याय” बन गया है।
सवाल यह है—हम क्या करेंगे?
हम अभी भी स्क्रीन को “डिजिटल अमृत” समझ रहे हैं, जबकि धीमा जहर साबित हो रहा है. 2026 का कैलिफोर्निया फैसला, ABCD अध्ययन, APA मेटा-एनालिसिस, स्वीडन की नीति- सब एक ही बात की तस्दीक़ कर रहे हैं- यह समस्या बहुत बड़ी है। पूरी की पूरी पीढ़ी आसन्न संकट की ओर बढ़ रही है।
स्क्रीन टाइम अब मासूम मनोरंजन नहीं रहा- यह सोच-समझकर डिज़ाइन किया गया खतरा है, जो बच्चे के मन को नहीं; मन की पूरी नींव को हिला रहा है।
अगर हम आज नहीं ठहरे, तो भविष्य की तस्वीर दुखद है। 2030-35 तक हम ऐसी युवा पीढ़ी से रूबरू होंगे, जो ध्यान केंद्रित नहीं कर पाएगी, भावनाओं को नियंत्रित नहीं कर पाएगी, गहरी दोस्ती नहीं बना पाएगी और असली दुनिया को “बोरिंग” मानने लगेगी।
ABCD Study और विश्व स्वास्थ्य संगठन पहले ही इन संकेतों को स्पष्ट कर चुके हैं।
यह डराने के लिए नहीं, जगाने के लिए है।
अब क्या करें?
साफ़, सख़्त और ज़रूरी कदम:
माता-पिता के लिए (यहीं से शुरुआत होगी)
2 साल से कम: बिल्कुल, नो स्क्रीन। इसमें कोई समझौता नहीं।
2–5 साल: सीमित और साथ में. दिन में 30 से 40 मिनट से ज़्यादा नहीं। वह भी बच्चे के साथ बैठकर, समझाते हुए।
स्क्रीन-फ्री नियम तय करें: खाना खाते समय, सोने से एक घंटा पहले और फैमिली टाइम—नो फोन।
खुद उदाहरण बनें: बच्चा आपकी आदतें कॉपी करता है। खुद का स्क्रीन टाइम कम करें. आपका स्क्रीन टाइम ही आपका पैटर्न बनेगा।
मोबाइल “चुप कराने” का साधन नहीं: खाना खिलाने या चुप कराने के लिए मोबाइल मत दीजिए. यह सबसे खतरनाक आदत है। इसके बजाय कहानी सुनाएँ, खेलें, बात करें।
याद रखिए—आदतें अभी बनेंगी… और वही भविष्य तय करेंगी.
स्कूल और शिक्षकों के लिए:
PRAGYATA गाइडलाइन्स का सख़्ती से पालन.
PRAGYATA गाइडलाइन्स की मुख्य बातें :
स्क्रीन टाइम सीमित हो:
प्री-प्राइमरी: ~30 मिनट
कक्षा 1–8: 1.5–2 घंटे
कक्षा 9–12: 3 घंटे (अधिकतम)
कोशिश करें कि यह स्क्रीन टाइम भी मोबाइल के बजाए बड़े स्क्रीन ( लैपटॉप /टैब्लेट / टीवी पर हो).
ऑनलाइन पढ़ाई के बीच ब्रेक ज़रूरी
सिर्फ स्क्रीन नहीं, ऑफलाइन गतिविधियाँ भी (पढ़ना, लिखना, प्रोजेक्ट बनाना आदि )
इंटरैक्टिव और उम्र के अनुसार कंटेंट तय हो.
डिजिटल लिटरेसी ज़रूरी बनाएँ: बच्चों को सिर्फ़ डिवाइस चलाना नहीं, यह भी सिखाएँ कि एल्गोरिदम कैसे उनका ध्यान पकड़ता है, कैसे उन्हें स्क्रीन से बाँधकर रखता है.
ध्यान रहे. सूचना -क्रांति और प्रसार के युग में पूरी तरह से स्क्रीन को दूर करना संभव नहीं है, इसलिए ज़रूरी है कि बच्चों में यह बोध विकसित किया जाए कि इंटरनेट की दुनिया में क्या उनके लिए अच्छा है और क्या हानिकारक.
सरकार और नीति-निर्माताओं के लिए :
Under-14 या under-16 के लिए सोशल मीडिया पर सख्त उम्र प्रतिबंध (ऑस्ट्रेलिया और यूरोप की तरह).
स्कूलों में स्क्रीन टाइम की सीमा तय करें.
माता-पिता जागरूकता अभियान चलाएँ—टीवी, रेडियो और स्कूलों के जरिए.
आर्थिक सर्वेक्षण 2025-26 की चेतावनी को गंभीरता से लें और डिजिटल स्वास्थ्य नीति बनाएँ.
व्यक्तिगत स्तर पर हर परिवार के लिए :
प्रकृति के साथ समय पारिवारिक समय बढ़ाएँ—बाहर खेलना, पढ़ना, परिवार के साथ बातचीत.
हर हफ्ते एक “नो फ़ोन / इंटरनेट दिन ” रखें.
अंतिम बात !
आज जब आप घर लौटें और अपना फोन उठाएँ, तो एक बार रुककर सोचिए-
अगर मेरा बच्चा आज 6 साल का है और रोज़ 2-3 घंटे स्क्रीन पर बिता रहा है, तो 20 साल बाद वह केली जैसी कहानी तो नहीं दोहराएगा?
हम आज जो निर्णय ले रहे हैं, वह सिर्फ आज का नहीं, हमारी अगली पीढ़ी का भविष्य तय कर रहा है।
समय है अपने बच्चों को असली दुनिया में लौटाने का.
जहाँ शांत, सजग और सक्रिय दिमाग़ है,भावनाएँ हैं, रिश्ते हैं और जीवन का सर्वांगीण विकास है !
सनद रहे - आप स्क्रीन का उपयोग करें, लेकिन स्क्रीन के पीछे बैठे डेटा और बाज़ार के शातिर लोग आपका उपयोग ना कर सके !
बाल मन बचाना हमारा सामूहिक दायित्व है.