Source: Cara Denison on Pexels.com

प्यार तो एक चीज़ है, जनाब,

जिसमें मैं तुम्हें चाहता हूँ,
और कहीं न कहीं,
दिल के किसी कोने में,
ये उम्मीद भी रखता हूँ
कि तुम भी मुझे चाहो.....

प्यार में सवाल होते हैं,
“तुम मेरे हो?”
“मैं तुम्हारी हूँ?”

प्यार में थोड़ी सी ख़्वाहिश होती है,
थोड़ी सी उम्मीद,
और थोड़ा सा इंतज़ार भी.....

लेकिन इश्क़...

इश्क़ कुछ और होता है, जनाब....

इश्क़ में मैं तुम्हें चाहता हूँ,
बस चाहता हूँ....

तुम मुझे चाहो या न चाहो,
तुम मेरे साथ रहो या न रहो।
मेरी चाहत का फ़ैसला
तुम्हारी चाहत नहीं करती...

इश्क़ में सवाल नहीं होते,
सिर्फ़ तस्लीम होती है...

“तुम मेरी हो” —
ये कहना भी ज़रूरी नहीं,
क्योंकि इश्क़ में
ख़ुद को तुम्हारा मान लेना ही काफ़ी है....

और मोहब्बत?

मोहब्बत वो है, जनाब्ब...
जो शायद प्यार कभी दे ही नहीं पाया...

मोहब्बत में तुम्हें पाने की ज़िद नहीं...
तुम्हें ख़ुश देखने की दुआ होती है!

प्यार कहता है —
“मुझे चाहो।”

इश्क़ कहता है —
“मैं तुम्हें चाहता हूँ।”

और मोहब्बत —
मोहब्बत बस इतना कहती है —

“तुम ख़ुश रहो,
चाहे उस ख़ुशी में,
मेरा कोई हिस्सा हो या न हो।”

इसलिए जनाब,
प्यार करना आसान है,
इश्क़ करना थोड़ा मुश्किल,
और मोहब्बत...

मोहब्बत तो वो है —
जहाँ इंसान सामने वाले को
पाने से ज़्यादा,
उसे खोने के बाद भी
उसके लिए दुआ करना सीख जाता है।

तो अगर कभी किसी से इश्क़ हो जाए ना, जनाब,
तो फिर उसे आधा मत छोड़ना...

या तो दिल से चाहना,
या फिर मत चाहना...

क्योंकि प्यार में
इंसान बदल भी सकता है...

मगर इश्क़ में;
इंसान ख़ुद को समर्पित कर देता है!...

.    .    .