Image by Chyon Sarker from Pixabay

इस सृष्टि के पृथ्वी ग्रह पर, है एक क्षेत्र विशेष,
दिव्य, पवित्र, शान्तिप्रिय है केवल भारत देश!
पृथ्वी ग्रह पर शान्तिप्रिय है केवल भारत देश!!

अपनी प्रतिभा क्षमता शक्ति का, दम्भ नहीं दिखलाते,
विश्व बन्धुत्व भाव सर्वोपरि रखते, नहीं कभी धमकाते,
उचित समय पर करें प्रदर्शित, अनुपम शक्ति विशेष!
पृथ्वी ग्रह पर शान्तिप्रिय है केवल भारत देश!!

बेआहट ही मांद में दुश्मन, को दफनाते, लौट आते,
गुस्ताखी की सजा तुम्हें दी, खुद आ कर उन्हें बताते,
सैनिक शौर्य, पराक्रम दिखलाते, करते नहीं परहेज!
पृथ्वी ग्रह पर शान्तिप्रिय है केवल भारत देश!!

जो हमको छेड़ेगा, उसको तो हम, कभी नहीं छोड़ेंगे,
दुश्मन के संग जो आयेगा, सिर उस का भी फोड़ेंगे,
यही हमारी राष्ट्रनीति है, जिस को देख रहे सब देश!
पृथ्वी ग्रह पर शान्तिप्रिय है केवल भारत देश!!

ये नई सदी का नवभारत है, नहीं किसी से डरता,
बात अनर्गल, अव्यवहारिक, नहीं किसी से करता,
पूर्ण विश्व ने देख लिया है अपना संयम, बुद्धि, विवेक!
पृथ्वी ग्रह पर शान्तिप्रिय है केवल भारत देश!!

छोटा, बड़ा, चाहे कोई हो, सब का सम्मान बराबर,
अंतरिक्ष तक गूँज रही है, यही अपनी नीति सरासर,
मुस्लिम देश भी करें प्रचारित, ओम शान्ति उपदेश!
पृथ्वी ग्रह पर शान्तिप्रिय है केवल भारत देश!!

ऋषि मुनियों के दिव्य ज्ञान से, अभिमंत्रित कण कण है,
आत्मनिर्भरता, आत्मानुभूति से, महका ही क्षण क्षण है,
भारत जैसी पावन भूमि का, कहीं और नहीं उल्लेख!

इस सृष्टि के पृथ्वी ग्रह पर, है एक क्षेत्र विशेष,
दिव्य, पवित्र, शान्तिप्रिय है, केवल भारत देश!
पृथ्वी ग्रह पर शान्तिप्रिय है केवल भारत देश!!

.    .    .

Discus